नई दिल्ली। राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी देश की सबसे ज्यादा आबादी वाले राज्य यूपी की सरकार में जो कर रही है वो धर्म नहीं, अधर्म है। राहुल ने सामाजिक संगठनों के ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ कार्यक्रम में यह टिप्पणी की।
सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने इस कार्यक्रम में कहा, “योगी जी को अगर हिंदू धर्म समझ आता, तो वह जो करते हैं वो नहीं करते। वह अपने मठ का अपमान कर रहे हैं। वह धार्मिक नेता नहीं, बल्कि एक मामूली ठग हैं।”
कार्यक्रम में मौजूद महिला ने उनसे सवाल किया था कि उत्तर प्रदेश में जो ‘धर्म की आंधी’ चल रही है, इस स्थिति में कांग्रेस क्या करेगी? सूत्रों का कहना है कि इसके जवाब में राहुल गांधी ने कहा, “आपने कहा कि उत्तर प्रदेश में धर्म की आंधी है। यह धर्म नहीं है। मैंने इस्लाम के बारे में पढ़ा, ईसाई धर्म के बारे में पढ़ा है, यहूदी धर्म के बारे में पढ़ा है, बौद्ध धर्म के बारे में पढ़ा है। हिंदू धर्म तो मैं समझता हूं। कोई धर्म नहीं कहता है कि नफरत फैलाओ।”
राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी जो कर रही है वो धर्म नहीं, अधर्म है। उन्होंने कहा कि जैसे ही व्यक्ति तपस्या करना बंद कर देता है, तो उसके लिए भ्रम की स्थिति पैदा हो जाती है। कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस तपस्वियों की पार्टी है, जबकि बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) इसके विपरीत हैं। उन्होंने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का जिक्र करते हुए कहा कि यह छोटा एवं पहला कदम है, आगे और भी प्रयास किए जाएंगे।
Amar Chetna Latest Updated Hindi News Portal