योगी सरकार 12 माह में 13 आरओबी सहित 33 सेतुओं की दे चुकी है सौगात
लखनऊ, 30 दिसम्बर। प्रदेश में रोड कनेक्टिविटी और आधारभूत संरचना को मजबूत आधार देने में जुटे मुख्यमंत्री मंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में एक के बाद एक सड़क और सेतुओं के निर्माण की गति उत्तर प्रदेश में दिख रही है।
केवल 2022 में ही यूपी में 33 सेतुओं के निर्माण का कार्य शुरू हुआ है, जिनमें 13 रेलवे ओवर ब्रिज भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से लगातार मिल रहे निर्देश और किये जा रहे निरीक्षण के फलस्वरूप उम्मीद की जा रही है कि 2023 में इनमें से ज्यादातर को पूरा कर लिया जाएगा, इसके बाद यातायात कनेक्टिविटी में और तेजी आएगी।
अयोध्या में बन रहे सबसे ज्यादा सेतु
गंगा, गोमती, सई, टोंस सहित प्रदेश की अन्य नदियों और रेलवे समपारों पर बन रहे इन सेतुओं और आरओबी की बात करें, तो इनमें सबसे अधिक संख्या अयोध्या में बन रहे पुलों की है। योगी सरकार का पूरा फोकस अयोध्या को विश्वस्तरीय शहर बनाने को लेकर है। ऐसे में लगभग आधा दर्जन नए सेतुओं के जरिए प्रभु श्रीराम की नगरी को प्रदेश के अन्य जनपदों से बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए नये-नये पुलों का निर्माण तेज गति से चल रहा है। श्रीराम नगरी अयोध्या में सबसे अधिक छह सेतु का निर्माण हो रहा है।
इसी प्रकार पूर्वांचल के दो महत्वपूर्ण जिले जौनपुर और बलिया में चार-चार सेतु, प्रतापगढ़ में तीन सेतु, गोरखपुर और बस्ती में दो-दो सेतु के अलावा बरेली, भदोही, झांसी, फतेहपुर, कानपुर नगर, प्रयागराज, बलरामपुर सोनभद्र, हरदोई, चित्रकूट, बुलंदशहर और जालौन में एक-एक सेतु के निर्माण का शिलान्यास इस साल योगी सरकार ने किया है।
Amar Chetna Latest Updated Hindi News Portal