रेप के आरोपी सीनियर वकील प्रकाश नरायण शर्मा उर्फ बबली भाई को न्यू आगरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता ने शुक्रवार को पुलिस आयुक्त से मिलकर वकील की गिरफ्तारी नहीं होने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी। पुलिस कमिश्नर ने 24 घंटे में गिरफ्तारी करने के लिए कहा था।

सिकंदरा इलाके की रहने वाली महिला और वकील के बीच 4 जनवरी को मारपीट हुई थी। 5 जनवरी को दोनों ने न्यू आगरा थाने में तहरीर दी। पुलिस ने दोनों की तहरीर पर केस दर्ज किया। महिला ने सीनियर वकील प्रकाश नारायण शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए। पुलिस को बताया कि उसका पति से न्यायालय में अभियोग चल रहा है। पूर्व में उसका मामला वकील प्रकाश नारायण शर्मा देख रहे थे।
लाक डाउन में वकील उसके घर आए थे। बताया कि पत्नी से विवाद हो गया है। वह कुछ दिन उसके यहां रहेंगे। महिला ने पुलिस को बताया कि वकील ने घर में ही उसके साथ कई बार रेप किया। इस दौरान उसके साथ मोबाइल से आपत्तिजनक वीडियो बनाए। महिला ने आरोप लगाया कि वकील उसे अश्लील मैसेज व अन्य महिलाओं के साथ अपने आपत्तिजनक फोटो भी भेजते थे। उन्होंने विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए उससे 40 लाख रुपए भी लिए थे। यह रकम हड़प ली।
वहीं, वकील की ओर से दर्ज अभियोग में उन्होंने महिला पर 2 करोड़ रुपए मांगने का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस को बताया कि 40 लाख रुपए लेने के बाद भी महिला ने फोटो और वीडियो वायरल कर दिए। उसने निजी फोटो और वीडियो उनके फोन से चोरी किए थे।
दीवानी परिसर में नहीं घुसने दे रहे
महिला शुक्रवार को पुलिस आयुक्त डॉ. प्रीतिंदर सिंह के सामने पेश हुई। उसने आरोप लगाया कि शुक्रवार को उनकी दीवानी न्यायालय में तारीख थी। जब वो तारीख के लिए दीवानी पहुंची तो उसे आरोपी द्वारा न्यायालय में प्रवेश नहीं करने दिया गया, जिस कारण वो न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं हो पाई।आरोपी द्वारा लगातार उसे धमकी दी जा रही है।
मुकदमा वापस न लेने पर तेजाब से मुंह बिगाड़ने और जान से मारने की धमकी दी जाती है। उसकी जान को खतरा है। वह अपने घर में कैद होकर रह गई है। महिला का कहना था कि उसे न्याय नहीं मिला तो अपनी जान दे देगी।
पुलिस आयुक्त ने पीड़िता को आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वसान दिया था। इसके बाद ही न्यू आगरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उपायुक्त नगर विकास कुमार ने बताया कि आरोपी अधिवक्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तीन दिन बाद जानी है बेटे की बारात
वरिष्ठ वकील प्रकाश नारायण शर्मा के बेटे की छह फरवरी को शादी होनी है। शहर में उन्होंने कार्ड भी बांट दिए हैं। बारात जाने से तीन दिन पहले उनकी गिरफ्तारी हो गई। उनकी गिरफ्तारी की खबर रात को ही वकीलों को मिल गई। इसके बाद भी उनके समर्थन में थाने तक नहीं पहुंचे। परिवार के लोग और कुछ रिश्तेदार रात को थाने पहुंचे थे।
आपत्तिजनक वीडियो हुए थे वायरल
करीब आठ माह पहले वकील के आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुए थे। इन वीडियो के बाद ही वकील चर्चा में आए थे। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि वकील अपनी महिला क्लाइंट को फंसाकर उनके अश्लील वीडियो बनाता है। उन वीडियो को पोर्न वेबसाइट पर बेच दिया जाता है।
Amar Chetna Latest Updated Hindi News Portal