बांदा। जनपद के पैलानी थाना क्षेत्र के एक गांव में तमंचे की नोक पर अगवा की गई महिला से बंधक बनाकर 22 दिनों तक दुष्कर्म किया गया। बाद में आरोपी उसे घर के बाहर छोड़कर भाग गए थे। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अभी तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न होने से आहत महिला ने गुरुवार को कहा कि दो दिन तक और देखती हूं, अगर मुझे न्याय नहीं मिला तो मैं अपनी जान दे दूंगी।
पीड़िता ने आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर दोबारा न्याय की फरियाद की। पीड़िता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने मुझे न्याय का भरोसा दिया है। पीड़िता के मुताबिक इसके पहले भी उसने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उल्लेखनीय है कि पैलानी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला का पति मुंबई में मजदूरी करता है। महिला घर में तीन बच्चों के साथ रहती है। आरोप है कि बीते वर्ष 22 दिसंबर की रात आरोपी दीवार कूदकर घर में घुसा आया था। उसके शोर मचाने पर मोहल्ला के लोग आ गए, इससे आरोपी भाग निकला था। 23 दिसंबर को जब वह खेत की ओर जा रही थी, तभी आरोपी युवक अपने साथी के साथ पहुंचा और तमंचा दिखाकर उसे अपने साथी के साथ अगवा कर ले गया। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
अगले दिन बोलेरो से एक घर में ले गया जहां पर उसे बंधक बनाकर रखा। वहां 23 दिसंबर से 15 जनवरी तक उसे बंधक बनाकर रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया। बीती 16 जनवरी को घर के बाहर छोड़ गया और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। उसके लापता होने पर सास ने पति व पुलिस को सूचना दी थी।
Amar Chetna Latest Updated Hindi News Portal