लखनऊ। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मंजीत सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर अभी तक गन्ना के नये मूल्य घोषित न करने और आवारा पशुओं से प्रदेश की जनता को मुक्त न कराने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसान समस्याओं, प्रदेश की कानून व्यवस्था के प्रति असंवेदनहीन हैं और कुंभकरण की नींद में सो रहे हैं, जबकि राष्ट्रीय लोक दल पिछले 28 दिसम्बर से किसान संदेश अभियान चलाकर उन्हें जगाने का काम कर रहा है। प्रदेश का किसान और राष्ट्रीय लोकदल कार्यकर्ता उन्हें किसान संदेश पत्र भेजकर लगातार गन्ना के नये मूल्य घोषित करने की मांग कर रहा है।
कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष मंजीत सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय लोक दल अब तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को डेढ़ लाख किसान संदेश पत्र भेजकर शीघ्र गन्ना के नये मूल्य घोषित करने, आवारा पशुओं से प्रदेश की जनता को मुक्त कराने की मांग कर रहा है, साथ ही जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन कर रहा है लेकिन बाबा योगी कुंभकर्ण की नींद में सो कर असंवेदनहीन बने हुए हैं।
श्री सिंह ने कहा है कि बाबा को जगाने के लिए राष्ट्रीय लोकदल कार्यकर्ता किसान संदेश अभियान को और तेज करेंगे। बताया कि आगामी 27 जनवरी को पुनः सोशल मीडिया पर (हैशटैग) अभियान चलाया जाएगा और 31 जनवरी को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर जोरदार प्रदर्शन कर किसान संदेश पत्र और बड़ी संख्या में भेजे जाएंगे। कहा कि फिर भी यदि किसानों की मांगों का समाधान नहीं किया गया तो राष्ट्रीय लोक दल बड़ा आंदोलन करेगा। यह जानकारी सोमवार को राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश प्रवक्ता कप्तान सिंह चाहर ने दी है।
Amar Chetna Latest Updated Hindi News Portal