Tuesday , November 24 2026

प्रधानमंत्री का संकल्प आज हो रहा साकार – दिनेश प्रताप सिंह

रायबरेली। प्रधानमंत्री ने आप सबको समृद्ध बनाने का जो संकल्प लिया था आज वह साकार हुआ है, जो देश को समृद्ध बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था जब तक गांव समृद्ध नहीं होगा तब तक देश समृद्ध नहीं होगा, इसलिए देश को विकसित करने के लिए गांव को विकसित करना आवश्यक है। आज जनपद में लगभग 1,10,000 स्वामित्व प्रमाण पत्र (घरौनी) का लाभार्थियों को वितरण पूर्ण हो गया है। उक्त उद्गार प्रदेष सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री दिनेष प्रताप सिंह ने घरौनी वितरण कार्यक्रम में व्यक्त किये।
श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के संकल्प के क्रम में जनपद में आयोजित इस कार्यक्रम में गांव के लोगों को स्वामित्व योजना के अन्तर्गत स्वामित्व प्रमाण पत्र (घरौनी) का वितरण किया गया। इसके लिए जनपद की राजस्व टीम को बधाई। उन्होंने कहा कि भूमि रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण होने से ग्रामीण क्षेत्रों का सशक्तीकरण होगा, इससे विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं होगी और यदि होगी तो अधिकारियों द्वारा उसका निस्तारण कराने में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि लाभार्थी स्वामित्व प्रमाण पत्र के आधार पर अपना रोजगार करने व अपने परिवार की तरक्की के लिये बैंक से लोन ले सकेंगे, जिसका उपयोग कर वह अपने परिवार को समृद्ध व आत्मनिर्भर बना सकेंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कहा कि स्वामित्व प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनकी जमीन का स्वामित्व प्रदान करना है। यह कार्यक्रम ग्रामीण विकास के लिये एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा स्वामित्व योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम के दौरान देशभर के 50,000 से अधिक गांवों में 65 लाख प्रॉपर्टी कार्डों का वितरण और योजना के लाभार्थियों के साथ संवाद व लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम, जिसमें स्वामित्व योजनान्तर्गत 28,839 ग्रामों की 40,49,500 घरौनियों के वितरण का सजीव प्रसारण जनपद के रायबरेली विकास प्राधिकरण के कम्युनिटी हॉल रतापुर में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में देखा गया। इसी क्रम में जनपद में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात, उत्तर प्रदेश सरकार दिनेश प्रताप सिंह, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (वि0रा0) अमृता सिंह द्वारा जनपद के 278 लाभार्थियों को स्वामित्व योजना के अन्तर्गत स्वामित्व प्रमाण पत्र (घरौनी) का वितरण किया गया।

धन्यवाद ज्ञापन अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ द्वारा किया गया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण सतीश चन्द्र मिश्रा, जिला पंचायत राज अधिकारी सौम्यशील सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ब्रजेश तिवारी, तहसीलदार सदर प्रज्ञा द्विवेदी व जिलाध्यक्ष बुद्धि लाल पासी सहित सम्बन्धित अधिकारीगण व लाभार्थिगण उपस्थित रहे।