बजट 2023 को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि करोड़ों विश्वकर्मा इस देश के निर्माता हैं। मूर्तिकार, शिल्पकार यह सभी देश के लिए मेहनत करते हैं। देश इस बजट में पहली बार अनेक प्रोत्साहन योजना लेकर आया है। ऐसे लोगों के लिए टेक्नोलॉजी, क्रेडिट और मार्केट की योजना की गई है। पीएम विश्वकर्मा योजना यानी विकास इन विश्वकर्माओं के लिए बड़ा बदलाव लाएगा।
‘पूरी ताकत से महिलाओं को आगे बढ़ाया जाएगा’
उन्होंने आगे कहा, “गांव में रहने वाली महिलाओं से लेकर शहरी महिलाओं के लिए सरकार ने अनेक कदम उठाए हैं। ऐसे अनेक कदमों को पूरी ताकत से आगे बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा महिलाओं के सेल्फ हेल्प ग्रुप भारत में बड़ी जगह अपने लिए ले चुका है। इन्हें संबल देने के लिए नई पहल बजट में किया गया है। महिलाओं के लिए एक विशेष बजट योजना भी शुरू की जा रही है। जन धन अकाउंट के बाद यह विशेष बचत योजना सामान्य परिवार की माओं को बड़ा फायदा देने वाली है।”
‘स्टोरेज क्षमता बढ़ाने के लिए अन्न भंडारण योजना’
पीएम मोदी ने कहा, “भारत सरकार ने सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना बनाई है। सबसे बड़ी स्टोरेज कैपेसिटी के लिए। अब हमें डिजिटल पेमेंट की सफलता के लिए कृषि सेक्टर में दोहराना है। इसलिए इस बजट में हम डिजिटल एग्रीकल्चर इन्फ्रास्ट्रक्चर की बड़ी योजना लेकर आए हैं।”
किसानी करने वाले आदिवासियों को मिलेगा फायदा
उन्होंने आगे कहा, “हम मोटा अनाज (बाजरा) के लिए बड़ी योजना लेकर आए हैं। जब यह घर-घर पहुंच रहा है, पूरी दुनिया में पॉपुलर हो रहा है, तो इसका सबसे ज्यादा फायदा भारत के किसानों को होना है। इसलिए बजट में इसके लिए श्रीअन्न की बड़ी योजना बनाई गई है। इससे हमारे आदिवासी भाई-बहन जो किसानी करते हैं, उन्हें फायदे मिलेंगे और देश को इस क्षेत्र में बढ़ावा मिलेगा।”
बजट में टेक्नोलॉजी और न्यू इकोनॉमी पर दिया जोर
उन्होंने कहा, “बजट में हमने तकनीक और न्यू इकोनॉमी पर बहुत बल दिया है। डिजिटल भारत आज रेल, मेट्रो, वॉटरवेज आदि जगहों पर है। 2014 की तुलना में आज इन्फ्रास्ट्रक्च में निवेश में 400 फीसदी से ज्यादा की वृद्धि की गई है। भारत के इन्फ्रास्ट्रक्चर भारत में युवाओं के लिए रोजगार देगा और एक बडे़ वर्ग के लिए लाभाकारी होगा।”
‘गांव, गरीब, किसान, मध्यम वर्ग के सभी सपनो को पूरा करेगा बजट’
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, अमृत काल का पहला बजट विकसित भारत के विराट संकल्प को पूरा करने के लिए एक मजबूत नींव का निर्माण करेगा। ये बजट वंचितों को वरीयता देता है। ये बजट आज की आकांक्षी समाज, गांव, गरीब, किसान, मध्यम वर्ग सभी के सपनों को पूरा करेगा।
‘ग्रामीण अर्थव्यवस्था को विकास की धुरी बनाएगा ये बजट’
प्रधानमंत्री ने कहा, ये बजट, सहकारिता को ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विकास की धुरी बनाएगा। सरकार ने को-ऑपरेटिव सेक्टर में दुनिया की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना बनाई है। बजट में नए प्राइमरी को-ऑपरेटिव्स बनाने की एक महत्वकांक्षी योजना का भी ऐलान हुआ है।
‘इंफ्रास्ट्रक्चर पर होगा 10 लाख करोड़ रुपये का अभूतपूर्व निवेश’
वर्ष 2014 की तुलना में इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश पर 400% से ज्यादा की वृद्धि की गई है। इस बार इंफ्रास्ट्रक्चर पर 10 लाख करोड़ रुपये का अभूतपूर्व निवेश होगा। यह निवेश युवाओं के लिए रोजगार और एक बड़ी आबादी के लिए आय के नए अवसर पैदा करेगा।
Amar Chetna Latest Updated Hindi News Portal