Tuesday , November 24 2026

पति से अनबन को लेकर विवाहिता ने की आत्महत्या

प्रतापगढ़। पति से अनबन के चलते विवाहिता ने मायके में जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे मे लेकर पीएम के लिए रविवार को जिला अस्पताल भेजवाया। लालगंज कोतवाली के कोल वन कैथौला निवासी महन्थ खां की पुत्री शबाना 35 की शादी बीते 2012 में लीलापुर थाने के सिंधौर गांव मे समशाद के साथ हुई थी। मृतका के एक दस वर्ष तथा एक आठ वर्ष की दो सन्तानें हैं। मृतका का पति से पिछले एक वर्ष से अनबन चल रहा था। हालांकि मृतका की दोनों संताने उसके पति के साथ ही रहते हैं। इधर मृतका घटना के दो दिन पूर्व ससुराल गयी थी। वहां पति ने उसे घर मे रखने से इंकार कर दिया। शनिवार की शाम मृतका कैथौला बाजार गयी थी। वहीं जहरीला पदार्थ लेकर निगल लिया। उसकी हालत बिगडने पर परिजन उसे इलाज के लिए लालगंज ले आये। यहां से हालत गंभीर देख चिकित्सको ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते मे ही मृतका ने दम तोड दिया। इसके बाद मायके के लोग मृतका का शव लेकर घर लौट आये। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कराकर रविवार को जिला अस्पताल भेजवाया। पुलिस का कहना है घटना मे अभी कोई तहरीर नही मिली है, पीएम रिर्पोट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।