फतेहपुर। प्रेम प्रसंग के चलते फांसी लगाकर युवक के जान देने के मामले में लड़की के पिता पर आत्महत्या के लिए प्रेरित किए जाने का मुकदमा दर्ज किया है। आईजी के आदेश पर तीन माह बाद मामला दर्ज हुआ है।
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के ऐरायां सादात निवासी मो. समीर (22) घर से 16 नवंबर 2022 की शाम निकला था। उसका शव 19 नवंबर को गांव के बाहर नीम के पेड़ पर लटकता मिला था। मृतक पूर्व प्रधान का पौत्र था। उसके पिता अनीस की कई साल पहले मौत हो चुकी है। मां जाहेदा बानो ने एफआईआर में बताया कि बेटे का ऐरायां गांव की रहने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग था। वह मोबाइल पर अक्सर युवती से बातचीत करता था। इसकी जानकारी होने पर युवती का पिता उसके बेटे को प्रताड़ित करता था। फोन न करने की धमकी देता था। इसी तनाव के चलते बेटे ने आत्महत्या की थी। मामले की थाने में सुनवाई न होने पर जाहेदा ने प्रयागराज आईजी से शिकायत की थी। थानाध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की युवती के पिता पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।
Amar Chetna Latest Updated Hindi News Portal