फतेहपुर। अमर क्रांति फाउंडेशन ने एक और पहल की शुरूआत की है। जिसमें ग्रामीण महिलाओं को स्वास्थ्य जागरूकता चौपाल लगाकर जहां स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा है वहीं उनके बीच कैल्शियम, आयरन व मल्टीविटामिन की गोलियां वितरित की जा रही हैं। यह कार्यक्रम नौ ग्रामों में संचालित किया जायेगा। जिसकी शुरूआत सनगांव स्थित डेरे से की गई।
ग्रामीण महिलाओं को कैल्शियम, आयरन व मल्टीविटामिन की गोलियां वितरित करते हुए फाउंडेशन की संचालिका सौम्या पटेल ने बताया कि ग्रामीण परिवेश में जीवन यापन करने वाली अशिक्षित महिलाएं अपने स्वास्थ के प्रति लापरवाह रहती है और प्रसव के बाद उनकी उस तरह खिलाई पिलाई भी नहीं हो पाती। जिस कारण से उनमे सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी बनी रहती है। इसी कारण से उन्हें 40 वर्ष की उम्र के बाद कमर, घुटनों में दर्द, एनिमिया आदि के लक्षण सामान्य तौर पर देखने को मिल रहे हैं। फाउंडेशन का उद्देश्य है कि ग्रामीण महिलाओ को स्वास्थ के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें मल्टीविटामिन, कैल्शियम और आयरन की गोलियां भी निःशुल्क वितरित की जाएं। इसी उद्देश्य से आज मुहिम का शुभारम्भ हुआ है। जो नौ अन्य ग्रामों में भी शुरू की जायेगी। उन्होने बताया कि डेरे की रज्जो, रिंकी, कमला, लक्ष्मनिया, शिवकली समेत चालीस महिलाओं को लाभान्वित किया गया है। इस मौके पर फाउंडेशन से प्रशांत सिंह गौतम, अंगद सिंह चंदेल, ऋषि रंजन पटेल, विभु पटेल भी मौजूद रहे।
Amar Chetna Latest Updated Hindi News Portal