अयोध्या में बन रहे भव्य श्रीराम मंदिर की सुरक्षा भी चाक-चौबंद होगी। अति आधुनिक सिक्योरिटी से लैस एंट्री गेट बनाने की जिम्मेदारी केंद्र सरकार के उपक्रम सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (CEL) गाजियाबाद को मिली है। सिक्योरिटी उपकरण तैयार होने का काम आखिरी फेज में है। इसी महीने में ये उपकरण अयोध्या मंदिर में लगा दिए जाएंगे।
गाजियाबाद की CEL कंपनी में बन रहे सुरक्षा उपकरण
सूत्रों ने बताया, मंदिर का मुख्य गेट मानव रहित होगा। यहां बूम बैरियर लगेगा। इस बैरियर से पहले फुल बॉडी स्कैनर और फुल व्हीकलर स्कैनर लगाए जाएंगे। ये स्कैनर मनुष्य और गाड़ी को ऑटोमेटिक स्कैन कर लेंगे। यदि गाड़ी में कोई हथियार व अन्य विस्फोटक सामग्री है तो बूम बैरियर नहीं उठेंगे। अगर गाड़ी से टक्कर मारकर बैरियर तोड़ भी दिए गए तो चंद कदम आगे ही जमीन से तीन फीट ऊंची दीवार बाहर निकल आएगी। ये दीवार टायर किलर जैसी होगी। इससे गाड़ी आगे नहीं बढ़ पाएगी। सूत्रों ने बताया कि फरवरी में ही मंदिर के गेट पर सुरक्षा संबंधी उपकरण लगा दिए जाएंगे। इसके बाद कंपनी के इंजीनियर वहां 16 दिन तक इन उपकरणों की टेस्टिंग करेंगे।

रक्षा उपकरण बनाती है ये कंपनी
सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (CEL) गाजियाबाद के साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र में स्थित है। ये भारत सरकार का एक उपक्रम है। इसी कंपनी ने देश का सबसे पहला सोलर पैनल बनाया था। यहां पर रक्षा उपकरण बनते हैं। लड़ाकू विमानों में लगने वाला पीसीएम रडार एंटीना भी इसी कंपनी में बनता है। इस रडार से दुश्मन के ठिकाने को माइक्रो सेकेंड में डिटेक्ट किया जा सकता है।
पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम भी 1980 के दशक में CEL के निदेशक मंडल मेंबर रहे थे। बीते दिनों भारत सरकार ने इस महत्वपूर्ण कंपनी को 210 करोड़ रुपए में बेचने की योजना बनाई थी। कर्मचारियों के आंदोलन के बाद ये बिड कैंसिल करनी पड़ी थी।
राम मंदिर से जुड़ी खबरें और भी हैं:-
1.) रामजन्मभूमि को मिली बम से उड़ाने की धमकी, फोन करने वाले ने कहा-दिल्ली से बोल रहा हूं, 10 बजे तक उड़ा दूंगा
अयोध्या में निर्माणाधीन रामजन्मभूमि परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। रामजन्मभूमि मंदिर परिसर में रहने वाले मनोज कुमार को अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर यह धमकी दी है। उनकी सूचना पर रामजन्मभूमि थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। SHO ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि धमकी किसने दी है।
SP सिटी मधुबन सिंह ने बताया कि रामलला सदन में रहने वाले मनोज कुमार जो कि वर्तमान में प्रयागराज माघ मेले में हैं। गुरुवार की सुबह करीब 5 बजे उनके मोबाइल पर एक फोन आया। जब मनोज ने उनसे पूछा कि आप कौन हैं? कहां से बोल रहे हैं, तो फोन करने वाले ने कहा कि मैं दिल्ली से बोल रहा हूं। आज सुबह दस बजे तक राम जन्मभूमि उड़ा दूंगा। इसकी सूचना मनोज ने थाना राम जन्मभूमि पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
Amar Chetna Latest Updated Hindi News Portal