केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वन रैंक वन पेंशन में रिवीजन को दे दी है मंजूरी
लखनऊ, 24 दिसम्बर। केंद्रीय मंत्रिमंडल की ओर से ‘वन रैंक-वन पेंशन’ के तहत रक्षा बलों के कर्मचारियों और पारिवारिक पेंशनरों की पेंशन में रिवीजन को मंजूरी मिल गयी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे अभिनंदनीय बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट से प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार के इस फैसले से 25 लाख से अधिक पूर्व सैनिकों व उनके परिवारों को लाभ मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि मोदी कैबिनेट ने शुक्रवार को एक बड़ा फैसला लेते हुए ‘वन रैंक-वन पेंशन’ योजना को रिवाइज कर दिया है। पहले इस योजना में 20.60 लाख पेंशनरों को लाभ मिलता था, लेकिन अब रिवीजन के बाद 25 लाख लोगों को फायदा होगा, जिसमें ओआरओपी का लाभ परिवार पेंशनधारकों के साथ युद्ध में शहीद होने वाले जवानों की विधवाओं एवं दिव्यांग पेंशनधारकों को भी मिलेगा।
Amar Chetna Latest Updated Hindi News Portal