छोटे लोहिया के नाम से चर्चित समाजवादी आंदोलन के वरिष्ठ नेता जनेश्वर मिश्र की जयंती पर अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने अपने आवास से लखनऊ स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क तक साइकिल यात्रा निकाली। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता को धोखा दिया है। इससे आमजन भाजपा से नाराज है। इस कारण लोग सपा के तरफ बढ़ चले हैं। 2022 के चुनाव में सपा 400 से ज्यादा सीटें जीतेगी।
सपा ने 2022 के लिए दिया नारा ”यूपी का यह जनादेश, आ रहे हैं अखिलेश’
Akhilesh Yadav ने विधानसभा चुनाव 2022 के प्रचार के लिए नया नारा ‘यूपी का यह जनादेश, आ रहे हैं अखिलेश” भी जारी किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता तथा कार्यकर्ता जनेश्वर मिश्र के रास्ते पर है। उन्होंने कहा कि हम उत्तर प्रदेश को विकास की राह पर लाए थे और अब उसको आगे ले जाएंगे। अखिलेश ने कहा कि भाजपा में अपराधियों की भरमार है। वो ‘मैनीफेस्टो’ नहीं ‘मनीफेस्टो’ बनाते हैं। उनके लिए राजनीति एक व्यापार है। भाजपा की सरकार ने कोरोना के दौरान लोगों की मदद नहीं की और बड़ी संख्या में मौतें हुई हैं।
लखनऊ में अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) समाजवादी पार्टी के कार्यालय, विक्रमादित्य मार्ग से गोमतीनगर विस्तार में जनेश्वर मिश्र पार्क तक साइकिल चलाते हुए गए। वहां पर उन्होंने जनेश्वर मिश्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। अखिलेश यादव ने कहा कि अभी तक हम 350 सीटें जीतने का दावा कर रहे थे। आज नाराजगी जनता की इतनी है कि हम 400 सीटें जीत सकते हैं। उत्तर प्रदेश की जनता तो भाजपा से बहुत नाराज है। इस बार तो इन्हेंं उम्मीदवार नही मिलेंगे। इस सरकार ने दलित, मुस्लिम, ब्राह्मणों को बहुत सताया गया है। अब सरकार को इनकी याद आ रही है।
Amar Chetna Latest Updated Hindi News Portal