कोहरे के पहले दिन कई जिलों में हुए हादसे, कई घायल
लखनऊ, 19 दिसम्बर। उत्तर प्रदेश में सोमवार को घने कोहरे की वजह से कई जिलों में मार्ग दुर्घटनाएं हुई। औरैया में तीन, कानपुर देहात, अलीगढ़ व मैनपुरी में दो-दो लोगों की जान चली गई। इसी तरह बुलंदहशर, उन्नाव, हापुड़ और सहारनपुर में एक-एक लोगों की मौत की खबर है। कई लोग घायल है, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
जनपद औरैया में घने कोहरे की धुंध के चलते आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा हुआ। इसमें करीब छह से अधिक वाहन एक-दूसरे से जा टकराएं। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है कई लोग घायल है। पुलिस ने मृतकों की पहचान में मथुरा निवासी बस चालक पप्पू यादव, अमेठी निवासी मुकेश के रूप में की और तीसरे की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। कई लोग घायल है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अलीगढ़ जनपद में दिल्ली-कानपुर हाईवे पर अकराबाद इलाके में सोमवार सुबह लोडर और टैंकर आपस में भिड़ गए। इसके बाद कोहरे की वजह से 25 से ज्यादा गाड़ियां आपस में टकरा गईं। एक के बाद एक गाड़ियां भिड़ती रही। बचाव कार्य शुरू होने तक करीब दो लोगों की मौत हो गई। जबकि करीब 40 से ज्यादा लोग घायल हैं।
इसी तरह मैनपुरी जिले के बिछवा थाना क्षेत्र में घने कोहरे से अनियंत्रित ट्रैक्टर पुलिया से टकरा गय। ट्रैक्टर के नीचे दबने से दो लोगों की मौत मौके पर हो गई। इनकी पहचान नहीं हो सकी है। कानपुर देहात में भोगनीपुर थानाक्षेत्र में कानपुर-झांसी हाईवे पर देर रात एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक सवार दो लोगों की मौत हो गई। शवों की शिनाख्त भोगनीपुर निवासी सालिक राम (38) और जीत सिंह (23) के रूप में हुई है और दो लोग जो गंभीर रूप से घायल थे उन्हें इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया।
साथ ही साथ बुलंदशहर,सहारनपुर उन्नाव और हापुड़ जिले में हुए हादसे में एक-एक लोगों की जान जाने की खबर है। इसके अलावा और भी कई जिलों में हुई दुर्घटनाएं हुई है, जिससे मरने वालों और घायलों के आंकड़ों में इजाफा हो सकता हैं।
Amar Chetna Latest Updated Hindi News Portal