रायबरेली (अमर चेतना ब्यूरो) उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज है। हर राजनैतिक दल अपने अपने कसीदे गढ़ रहा है। जीत किसको मिलेगी ये तो आने वाला समय ही बताएगा। सोनिया गांधी के गढ़ रायबरेली की ऊंचाहार विधानसभा सीट खासा चर्चे में है। ऊंचाहार विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के पूर्व कैबिनेट मंत्री डा. मनोज कुमार पांडेय वर्तमान विधायक हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य ने भी भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है। 2017 के चुनाव में रनर अप रहे उत्कृष्ट मौर्य स्वामी प्रसाद मौर्य के बेटे हैं और वो भी सपा से अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं। एक ओर मनोज पाण्डेय के समर्थकों का कुनबा मनोज को टिकट मिलने का दावा कर रहा है तो दूसरी तरफ उत्कृष्ट मौर्य के समर्थक उनको सपा उम्मीदवार घोषित कर रहे हैं। ऊंचाहार विधानसभा में चाय की चुस्की और सर्द मौसम में चाट के ठेलों से लेकर पान के खोखे भी राजनीतिक मंच बन चुके हैं।इसी बीच चर्चाओं का बाजार गर्म है कि कांग्रेस प्रत्याशी रहे कुंवर अजय पाल सिंह से भाजपा संपर्क साध कर सपा को कड़ी टक्कर देने के मूड में है। राजनैतिक जानकार बताते हैं कि लगभग कुंवर अजय पाल सिंह का भाजपा से टिकट तय भी है। लेकिन भाजपा से टिकट के दावेदारों की कतार लम्बी है भाजपा नेता अतुल सिंह, अभिलाष चन्द कौशल, सतीश तिवारी, बृजेश सिंह सहित कई नेता टिकट के लिए अपनी दावेदारी कर रहे है और क्षेत्र में अपने अपने को भाजपा प्रत्याशी बताकर जनाधार जुटाने में लगे हैं। वही चर्चा यह भी है की कुंवर अजय पाल सिंह अगर भाजपा उम्मीदवार होते हैं तो कांग्रेस से हरचन्द बहादुर सिंह को टिकट मिलना लगभग तय है। बहुजन समाज पार्टी से अंजली मौर्य अपनी दावेदारी कर रही हैं और मायावती से मिलकर उनका आशीर्वाद भी ले चुकी है। उन्हें ऊंचाहार विधानसभा प्रभारी भी बनाया गया है ऐसे में माना जा रहा है की अंजली मौर्य बसपा प्रत्याशी होंगी। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार आपको बताते चलें की सपा से डा. मनोज कुमार पांडेय भाजपा से कुंवर अजय पाल सिंह कांग्रेस से हरिचंद बहादुर सिंह बसपा से अंजली मौर्य संभावित उम्मीदवार हो सकते हैं। वैसे अभी किसी भी दल ने औपचारिक घोषणा नहीं की है।

Amar Chetna Latest Updated Hindi News Portal